मध्य प्रदेश :– मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कानूनन रहने का अधिकार उसी व्यक्ति को होगा, जो एक ही शादी करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश में एक देश, एक विधान, एक प्रधान और एक निशान की व्यवस्था है, तो अलग-अलग समुदायों के लिए अलग-अलग कानून क्यों होने चाहिए।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि सरकार सभी नागरिकों के लिए समान कानून और समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि तीन तलाक का दौर समाप्त हो चुका है और अब यदि कोई इस तरह का कार्य करेगा तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।
इससे पहले इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा था कि यदि भगवान राम ने एक विवाह किया, तो रहीम से भी एक ही विवाह की अपेक्षा होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मुस्लिम महिलाएं भी देश की बेटियां और बहनें हैं तथा उन्हें समान अधिकार मिलना चाहिए। उनके अनुसार सरकार का उद्देश्य किसी भी वर्ग के साथ भेदभाव करना नहीं, बल्कि सभी नागरिकों के लिए समान कानून लागू करना है।
मुख्यमंत्री के बयान का उत्तर प्रदेश के शाही चीफ मुफ्ती मौलाना चौधरी इफ्राहीम हुसैन ने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि इस्लाम भी इंसाफ और बराबरी की शिक्षा देता है। यदि कोई व्यक्ति अपनी एक पत्नी के साथ न्याय नहीं कर सकता, तो उसे दूसरी, तीसरी या चौथी शादी करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी पत्नी के साथ भेदभाव करना इस्लाम की मूल भावना के खिलाफ है और मुख्यमंत्री का बयान इसी भावना के अनुरूप है।
