नई दिल्ली:– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज दरभंगा में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की आधारशिला रखी। इस अस्पताल के बनने से राज्य के अलावा पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल और आसपास के कई क्षेत्रों के लोगों को भी स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने राज्य में 12,100 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। इनमें सड़क, रेल और गैस इंफ्रास्ट्रकचर से जुड़ी कई परियोजनाएं शामिल हैं।
इस मौके पर उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र में उनकी सरकार और बिहार में नीतीश कुमार की सरकार मिलकर इस प्रदेश के हर सपने को पूरा करने के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने यहां यह भी कहा कि नीतीश कुमार बिहार में सुशासन लाए और ‘जंगलराज’ को समाप्त किया। दरभंगा में एम्स की आधारशिला रखने के बाद उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली में केंद्र में मेरी सरकार और यहां बिहार में नीतीश जी की सरकार मिलकर बिहार के हर सपने को पूरा करने के लिए काम कर रही हैं। हमारी विकास और जन कल्याण योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ बिहार के लोगों को मिले, यही हमारा प्रयास है।”।
नीतीश की जमकर की सराहना
इस मौके पर बिहार के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। अपने संबोधन में मोदी ने कहा, ‘‘नीतीश बाबू के नेतृत्व में बिहार में सुशासन का जो मॉडल विकसित करके दिखाया गया है, वह अद्भुत है। बिहार को ‘जंगलराज’ से मुक्ति दिलाने में उनकी भूमिका की जितनी सराहना की जाए, वह कम है।” बिहार की पूर्व की सरकारों पर आरोप लगाते हुए मोदी कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पहले की सरकारों को कभी स्वास्थ्य ढांचे की फिक्र नहीं हुई और उन्होंने जनता से झूठे वादे किए थे, लेकिन नीतीश कुमार के सत्ता में आने के बाद राज्य के हालात में सुधार हुआ।
बिहार में विकास को लेकर जताई प्रतिबद्धता
प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ‘डबल इंजन’ की सरकार बिहार में विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बिहार का तेज विकास, यहां बेहतर आधारभूत संरचना और यहां के छोटे किसानों एवं छोटे उद्योगों को प्रोत्साहन देने से ही संभव होने वाला है और राजग सरकार इसी ‘रोडमैप’ पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में बाढ़ रोकने के लिए राजग सरकार 11,000 करोड़ रुपये की परियोजना चला रही है। आज बिहार की पहचान यहां होने वाले अवसंरचना निर्माण, हवाईअड्डों और एक्सप्रेसवे से मजबूत हो रही है।
12,000 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास
अपने संबोधिन में उन्होंने आगे कहा, ‘‘हमारी सरकार देश की सेवा और लोगों के कल्याण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है। सेवा की इसी भावना से यहां एक ही कार्यक्रम में विकास से जुड़ी 12,000 करोड़ रूपये की अलग-अलग परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। इनमें सड़क, रेल और गैस अवसंरचना से जुड़ी अनेक परियोजनाएं हैं।” मोदी ने कहा कि दरभंगा में एम्स के बनने से बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र में बहुत बड़ा बदलाव आएगा, जिससे मिथिला, कोसी और तिरहुत क्षेत्र के अलावा पश्चिम बंगाल और आसपास के कई क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही पड़ोसी देश नेपाल से आने वाले मरीज भी एम्स, दरभंगा में इलाज करा सकेंगे।
झारखंड में सभी से मतदान करने का किया आग्रह
रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि एम्स से यहां नौकरियों के नए अवसर बनेंगे। उन्होंने दरभंगा, मिथिला क्षेत्र और पूरे बिहार को इन विकास कार्यों के लिए बधाई देते हुए कहा, ‘‘हमने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लोगों के लिए देश में डेढ़ लाख से अधिक ‘‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर” खोले। हमारी सरकार ने देशभर में मेडिकल की एक लाख सीट जोड़ी हैं तथा 75,000 सीट और जोड़ी जाएंगी।” इस अवसर पर उन्होंने पडोसी राज्य झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए जारी पहले चरण के मतदान का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘आज पड़ोसी राज्य झारखंड में पहले चरण के लिए मतदान हो रहा है। झारखंड के लोग विकसित झारखंड के सपने को पूरा करने के लिए वोट डाल रहे हैं। मैं झारखंड के सभी मतदाताओं से आग्रह करूंगा कि ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान में हिस्सा लें।”
