यूपी :– गोरखपुर के कोतवाली इलाके में रहने वाले एक व्यापारी के पूरे परिवार का ब्रेनवॉश कर धर्मांतरण की कोशिश की जा रही है। व्यापारी की बहन से 2006 में प्रेम विवाह करने वाले युवक पर साजिश रचने का आरोप है। हालांकि, शादी के पांच वर्ष बाद ही बहन खुद की गलती की माफी मांगते हुए घर लौट आई थी और तभी से वह मां व भाई के परिवार के साथ अविवाहिता की तरह रह रही थी। अब जब परिवार के लोग दूसरे धर्म को सही ठहराते हुए बेटी को भी संपत्ति देने की दलील देने लगे तो भाई ने खुद से तहकीकात कर पूरे मामले की जानकारी की है
पीड़ित ने पूरे प्रकरण की शिकायत सीएम से करते हुए कार्रवाई की मांग की है। सीएम के विशेष कार्याधिकारी एनके एस चौहान ने एसएसपी को जांच कर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। खबर है कि सीओ कोतवाली को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी गई है।
कोतवाली इलाके में रहने वाले पीड़ित ने प्रार्थना पत्र में लिखा है कि पिता की मौत हो चुकी है। परिवार में छोटा भाई, उसकी पत्नी, बच्चे के अलावा मैं, पत्नी, बच्चे व 70 वर्षीय बुजुर्ग मां रहते हैं। भाई अपने परिवार के साथ विदेश में रहता है। पिता सरकारी नौकरी के साथ ही व्यापार करते थे, जिसे अब मैं करता हूं।
अलीनगर का रहने वाला मुस्लिम युवक बहन को बहकाकर 2006 में भगा ले गया था। पांच वर्ष बाद बहन अचानक लौट आई और उसने बताया कि युवक से उसका कोई संबंध नहीं है और वह मुंबई में रहकर सिलाई का काम सीख रही थी। मां के कहने पर पिता ने उसे घर में रख लिया। आज भी बहन हम लोगों के साथ अविवाहिता की तरह ही रहती है।
जांच के बाद भी कार्रवाई नहीं
पीड़ित के मुताबिक, दस अगस्त को उसने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया था। तब पुलिस ने पूरे मामले की जांच भी की थी। पुलिस ने बताया था कि जमीन हड़पने की साजिश की जा रही है, लेकिन इसके बाद भी कार्रवाई नहीं की गई।
