नई दिल्ली:– क्या आपने कभी सोचा है कि आपकी नींद का तरीका भी आपके बालों की सेहत पर असर डाल सकता है? दिनभर की भागदौड़ और डस्ट-पॉल्यूशन से जूझने के बाद हम जब सोते हैं, तो मान लेते हैं कि अब हमारे बाल भी आराम कर रहे होंगे, लेकिन हकीकत ये है कि सोते समय हमारी छोटी-सी आदत…बाल खोलकर सोना या बांधकर सोना…लंबे समय में बालों को हेल्दी या डैमेज कर सकती है. पर क्या आपने सोचा है कि रात में बाल बांधने चाहिए या नहीं और आप लंबे समय से किस तरह से सो रहे हैं. अगर नहीं, तो यहां हम आपको इसी सवाल का जवाब देने वाले हैं. आइए जानते हैं बाल खोलकर या बंधकर सोना क्या ज्यादा फायदेमंद है.
बाल खोलकर सोने के फायदे और नुकसान
अगर आपके बाल छोटे हैं, तो आप आराम से उन्हें खोलकर सो सकती हैं. इससे कोई बड़ा नुकसान नहीं होगा. लेकिन अगर आपके बाल लंबे और पतले हैं, तो रातभर करवट बदलते वक्त वे उलझ सकते हैं, टूट सकते हैं और फ्रिजी भी हो सकते हैं. हालांकि, खुले बाल रखने से स्कैल्प में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और जड़ों को पोषण मिलता है.
सोते समय बाल बांधकर रखने के फायदे
अगर आपके लंबे और घने बाल हैं, तो रात को हल्की चोटी बनाकर सोना सबसे अच्छा ऑप्शन है. इससे बाल उलझते नहीं हैं, टूटते नहीं हैं और सुबह आसानी से सुलझ जाते हैं. हल्का बांधकर सोने से फ्रिक्शन कम होता है, स्कैल्प रिलैक्स रहता है और हेयर ग्रोथ में भी मदद मिलती है.
रात में बालों की सही देखभाल कैसे करें?
हल्की चोटी बनाकर सोएं – इससे बाल उलझेंगे नहीं और टूटने से बचेंगे.
सिल्क तकिया इस्तेमाल करें – कॉटन पिलो कवर की जगह सिल्क या साटन कवर लें, जिससे बाल फ्रिज़ी नहीं होंगे.
टाइट हेयर टाई से बचें – बहुत टाइट रबर या क्लिप बालों की जड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
सीरम या ऑइल लगाकर सोएं – अगर बाल ड्राई हैं तो हल्का सीरम या नारियल तेल लगाकर सोना फायदेमंद रहेगा.
बालों की हेल्थ का सवाल है
अगर आपके बाल बॉब कट या पिक्सी कट जैसे छोटे हैं, तो आप उन्हें खोलकर सो सकती हैं. वहीं ऑयली हेयर वालों को हल्का बांधकर सोना चाहिए, ताकि तेल स्कैल्प पर ज्यादा न फैले. छोटी-सी आदत आपके बालों की हेल्थ को बिगाड़ भी सकती है और निखार भी सकती है. अगली बार जब सोने जाएं, तो बालों का ख्याल भी अपनी नींद जितना रखें.
