छत्तीसगढ़:– उत्तर भारत की ओर से आने वाली तेज ठंडी हवाओं ने छत्तीसगढ़ में सर्दी का असर और गहरा कर दिया है। रायपुर सहित कई शहरों में सुबह और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि लगभग तीन साल बाद राजधानी में न्यूनतम तापमान में इतनी तेज गिरावट देखने को मिली है। अगले तीन दिनों तक मौसम इसी तरह स्थिर रह सकता है, जिसके बाद तापमान में लगभग 3°C की बढ़ोतरी का अनुमान है। इस बीच, उत्तरी और मध्य हिस्सों में कोल्ड वेव की स्थिति बनने के भी संकेत मिल रहे हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में बारिश कहीं भी नहीं हुई। इस अवधि में दुर्ग सबसे गर्म जिला रहा, जहाँ अधिकतम तापमान 30.8°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम पारा अंबिकापुर में देखा गया, जहां तापमान 7°C तक गिर गया—जो इस सीजन का सबसे न्यूनतम रिकॉर्ड है।
कई जिलों में कोल्ड वेव की चेतावनी
मौसम विभाग ने शीतलहर के संभावित असर को देखते हुए कई जिलों को सतर्क रहने कहा है। इनमें गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर के कुछ क्षेत्र शामिल हैं। इन इलाकों में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड के आसार हैं।
रायपुर में आज का न्यूनतम और अधिकतम तापमान
राजधानी रायपुर में आज आसमान सामान्यतः साफ रहने की संभावना है। शहर में न्यूनतम तापमान 13°C और अधिकतम तापमान 29°C दर्ज किया जा रहा है। ठंडी हवा के झोंकों ने सुबह के समय हल्की गलन बढ़ा दी है।
