नई दिल्ली:- भारत की ब्रह्मोस मिसाइल की बराबरी करने के लिए तैमूर एयर लॉन्च्ड क्रूज मिसाइल का परीक्षण किया है। इस परीक्षण को पाकिस्तानी नौसेना ने अंजाम दिया है। पाकिस्तानी सेना ने तैमूर एयर लॉन्च्ड क्रूज मिसाइल के परीक्षण को सफल करार दिया है, जो 600 किमी तक हमला कर सकती है।
पाकिस्तानी नौसेना ने स्वदेशी रूप से विकसित एयर लॉन्च क्रूज मिसाइल का परीक्षण किया है। इसका नाम तैमूर एयर लॉन्च क्रूज मिसाइल है। पाकिस्तानी सेना के प्रॉपगैंडा विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने दावा किया है कि तैमूर क्रूज मिसाइल परीक्षण सफल रहा है। आईएसपीआर ने कहा कि पाकिस्तान नौसेना ने सटीक मारक क्षमता और ऑपरेशनल तत्परता के एक शक्तिशाली प्रदर्शन के रूप में तैमूर एयर-लॉन्च्ड क्रूज मिसाइल का सफल लाइव हथियार परीक्षण किया है। तैमूर स्वदेशी रूप से विकसित एंटी-शिप क्रूज वेपन सिस्टम है। इसे भारत के ब्रह्मोस मिसाइल की बराबरी करने के लिए विकसित किया गया है।
पाकिस्तानी सेना ने मिसाइल टेस्ट पर क्या कहा?
ISPR ने कहा कि तैमूर क्रूज मिसाइल ने असाधारण सटीकता के साथ अपने मिशन को पूरा किया, जिससे लंबी दूरी पर दुश्मन के समुद्री खतरों का पता लगाने, उन्हें निशाना बनाने और निर्णायक रूप से बेअसर करने की पाकिस्तान नौसेना की युद्धक क्षमता की पुष्टि हुई। बयान में आगे कहा गया कि यह परीक्षण राष्ट्रीय रक्षा क्षमता में एक महत्वपूर्ण वृद्धि का प्रतीक है। उसने आगे कहा कि इस मिसाइल परीक्षण ने पारंपरिक क्षेत्र में पाकिस्तान के सशस्त्र बलों की बहु-आयामी समन्वित मारक स्थिति और क्षमताओं को मजबूत किया है।
पाकिस्तानी राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने दी बधाई
ISPR ने कहा कि पाकिस्तान नौसेना राष्ट्र के समुद्री हितों और संप्रभु जल की रक्षा करने की अपनी प्रतिबद्धता पर दृढ़ है। बयान के अंत में कहा गया, “पाकिस्तान के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रक्षा बलों के प्रमुख और तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने पर वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को बधाई दी है।” पाकिस्तानी गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने भी इस सफल परीक्षण की सराहना करते हुए कहा कि यह पाकिस्तान की रक्षा क्षमताओं के क्षेत्र में एक मील का पत्थर है।
तैमूर क्रूज मिसाइल की रेंज
तैमूर पाकिस्तान की एक अत्याधुनिक हवा से मार करने वाली क्रूज मिसाइल है। यह मिसाइल पाकिस्तान की राद (Ra’ad) मिसाइल सीरीज का एक उन्नत और पारंपरिक वेरिएंट मानी जाती है। तैमूर मिसाइल की रेंज 600 किलोमीटर है, जो इसे “स्टैंड-ऑफ” हथियार बनाती है। इसका मतलब, पाकिस्तानी वायुसेना के विमान दुश्मन की एयर डिफेंस रेंज में घुसे बिना दूर से ही इस मिसाइल से निशाना साध सकते हैं। यह मिसाइल जमीन के बहुत करीब उड़ान भर सकती है, जिससे दुश्मन के रडार और मिसाइल डिफेंस सिस्टम के लिए इसका पता लगाना मुश्किल हो सकता है।
तैमूर क्रूज मिसाइल की गति
पाकिस्तान की तैमूर एक सबसोनिक क्रूज मिसाइल है। इसका मतलब तैमूर क्रूज मिसाइल की गति लगभग 0.8 मैक (ध्वनि की गति से कम) है। यह लगभग 400-450 किलोग्राम का वारहे़ड ले जाने में सक्षम है। पाकिस्तान ने इसे दुश्मन के बंकरों, कमांड सेंटरों और युद्धपोतों को नष्ट करने के लिए डिजाइन किया है। पाकिस्तान का दावा है कि तैमूर क्रूज मिसाइल में इसमें उन्नत नेविगेशन और गाइडेंस सिस्टम लगा है, जो इसे पिन-पॉइंट सटीकता के साथ हमला करने योग्य बनाता है। यह भी दावा है कि तैमूर एक स्टील्थ मिसाइल है, जिसके ढांचे को दुश्मन की रडार की पकड़ से बाहर रखने के लिए डिजाइन किया गया है।
ब्रह्मोस मिसाइल के बारे में जानें
भारत की ब्रह्मोस एक दुनिया की सबसे तेज और घातक सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल है। यह मैक 2.8 से 3.0 की गति से उड़ान भरती है।
ब्रह्मोस मिसाइल की रेंज 290 किमी से लेकर 800 किमी के बीच है। यह मिसाइल जमीन, जल, या हवा से दुश्मन के ठिकानों को तबाह कर सकती है।
ब्रह्मोस मिसाइल ‘फायर एंड फॉरगेट’ सिद्धांत पर काम करती है। मतलब, एक बार लक्ष्य को लॉक करने के बाद मिसाइल को गाइड करने की आवश्यकता नहीं होती है।
ब्रह्मोस मिसाइल 200 से 300 किलोग्राम वजनी पारंपरिक वॉरहेड ले जाने में सक्षम है। भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के एयरफील्ड्स पर इसी मिसाइल से सटीक हमले किए थे
