छत्तीसगढ़:- एक तोता पेड़ पर बैठ गया. तोते को पेड़ से नीचे उतारने के लिए फायर ब्रिगेड को बुलाया गया. इस पूरे तमाशे में हजारों लीटर पानी बहा दिया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पालतू तोता पेड़ पर बैठ गया और उसे उतारने के लिए तमाशा किया गया. तोते को पेड़ से नीचे उतारने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया. फायर ब्रिगेड ने तोते को नीचे उतारने के लिए पानी की तेज बौछारें डाली. उसे नीचे उतारने के लिए हजारों लीटर पानी बहा दिया गया. अब इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि तोता किसी अधिकारी है. यह पूरा मामला OBC बॉयज हॉस्टल के पास का बताया जा रहा है.
पेड़ पर बैठ गया तोता
जानकारी के अनुसार, ओबीसी बॉयज हॉस्टल परिसर के पास कहीं से आकर एक पालतू तोता पेड़ पर बैठ गया. तोता लंबे समय तक वहीं बैठा रहा. वह नीचे नहीं उतर रहा था. इस दौरान फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और फिर तोते को नीचे उतारने का सिलसिला शुरू हुआ. फायर ब्रिगेड तोते को नीचे उतारने में शिद्दत से जुट गई.
हजारों लीटर पानी किया गया बर्बाद
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने पानी की तेज बौछारें डाली. तोता काफी ऊंचाई पर बैठा और उसे नीचे लाने के लिए पाइप से लगातार पानी डाला गया. काफी देर मेहनत करने के बाद तोता नीचे उतरा. तोते को नीचे उतारने में हजारों लीटर पानी व्यर्थ बहा दिया गया. इलाके में पहले से ही पानी की कमी है. भीषण गर्मी में पानी की किल्लत है और तोता उतारने में उसे बर्बाद किया गया. वीडियो वायरल होने के बाद लोग कई तरह के सवाल उठा रहे हैं.
किसी अधिकारी का था तोता
बताया जा रहा है कि यह तोता किसी अधिकारी का है, फिलहाल यह आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं है कि तोता किस अधिकारी का है. इस मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई. सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवा का इस्तेमाल आगजनी, दुर्घटनाओं और जनसेवा के लिए होना चाहिए.
