छत्तीसगढ़:- मौसम का मिजाज इन दिनों दोनों तरफ से मार कर रहा है. एक तरह जहां देर रात तेज आंधी और हल्की बारिश ने कुछ इलाकों को गर्मी से राहत दी, तो वहीं दूसरी ओर सूरज के तेवर अब जानलेवा होने लगे हैं. प्रदेश में मौसम में अचानक हल्का बदलाव आया है, लेकिन यह राहत लेकर नहीं आया है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में तापमान में मामूली गिरावट होगी, लेकिन फिर प्रचंड गर्मी और लू आम जनजीवन को झुलसाने के लिए तैयार है.
प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार देर रात अचानक मौसम में बदलाव हुआ और तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई. इससे तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को रात के समय थोड़ी राहत मिली. लेकिन गर्मी से लोगों को लंबी राहत नहीं मिलेगी.
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी पड़ने वाली है. राजधानी रायपुर में गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है. आज रायपुर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री रहने का आसार है. आसमान से बरसती आग सड़कों से उठती गर्म लपटों के कारण दोपहर के समय शहर की सड़कों पर सन्नाट पसरा नजर आ रहा है.
मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के लिए अगले 4 दिनों तक हीट वेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है. इस क्षेत्र को छत्तीसगढ़ का हृदय स्थल माना जाता है, जहां प्रदेश की सबसे बड़ी आबादी रहती है. भीषण गर्मी के अलर्ट ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.
हीट वेव का सबसे ज्यादा असर रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में देखने को मिलेगा. इनमें रायपुर, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, धमतरी, गरियाबांद, महासमुंद और बलौदाबाजार-भाटापार जैसे जिले शामिल हैं. महानदी के मैदानी भाग के कारण यहां गर्मी का असर ज्यादा दिखाई देता है.
आने वाले दिनों में भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने वाला है. इस दौरान हीटवेव चलेगी जो लोगों की परेशानियों को और बढ़ा देगी. काम के लिए घर से निकलने वाले लोगों के लिए अगले 4 दिन चुनौतीपूर्ण होंगे.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में स्थानीय प्रभावों के कारण तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट आ सकती है. इसके बाद तापमान में 2-3 डिग्री की जबरदस्त बढ़ोतरी होगी, जो प्रदेश के कई हिस्सों में पारे को 44 डिग्री के पार ले जाएगी.
