नई दिल्ली:– भारत सरकार ने ईरान को लेकर बड़ी एडवाइजरी जारी की है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने 23 अप्रैल 2026 को जारी सूचना में भारतीय नागरिकों को सख्ती से सलाह दी है कि वे फिलहाल ईरान की यात्रा न करें, चाहे हवाई मार्ग से हो या जमीनी रास्ते से। दूतावास ने कहा कि क्षेत्रीय तनाव के चलते हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध और परिचालन अनिश्चितताएं लगातार बनी हुई हैं, जिससे ईरान आने-जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ रहा है।
साथ ही दूतावास ने ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों से कहा है कि वे दूतावास के साथ समन्वय बनाकर निर्धारित जमीनी सीमा मार्गों के जरिए जल्द से जल्द देश छोड़ दें। एडवाइजरी में आपातकालीन संपर्क नंबर और ईमेल भी जारी किए गए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर भारतीय नागरिक तुरंत सहायता ले सकें। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इस चेतावनी को बेहद अहम माना जा रहा है।
