मध्यप्रदेश:_ भोपाल के हमीदिया अस्पताल में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अस्पताल के रेडियोडायग्नोसिस विभाग का ताला तोड़कर चोर करीब तीन क्विंटल वजनी मशीनें और उपकरण ले गए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में विभागाध्यक्ष (HOD) की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है।
वारदात 15 अप्रैल दोपहर 3 बजे से 16 अप्रैल सुबह 9 बजे के बीच हुई, जिसमें पहले अस्पताल प्रबंधन ने आंतरिक जांच की और फिर इसके बाद 21 अप्रैल को कोहेफिजा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।क्या-क्या चोरी हुआ?
हमीदिया अस्पताल में चोर भारी और तकनीकी उपकरण भी आसानी से उठा ले गए, जिनमें- मशीन का पावर पैनल और कंट्रोल पैनल, ट्रांसफार्मर, एसी का आउटडोर यूनिट, 40 मीटर लंबी केबल, तीन पंखे और लोहे की कुर्सियां शामिल हैं। इतने भारी सामान की चोरी ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासतौर पर निजी सुरक्षा एजेंसी की भूमिका जांच के घेरे में है।शहर में अन्य जगहों पर भी चोरी की घटनाएं
टीला जमालपुरा में एक घर में घुसे चोर ने ₹8,000 नकद और मंगलसूत्र चोरी कर लिया। रात करीब 2 बजे घर में घुसे बदमाश का पैर बेटी से टकराया, जिससे उसकी नींद खुल गई। शोर मचते ही चोर भाग निकला।
CCTV ढककर चोरी की कोशिश
राजधानी भोपाल के गौतम नगर में 5 बदमाशों ने पहले CCTV कैमरों को ढका फिर गेट का ताला तोड़कर एक कैमरा तोड़ दिया लेकिन परिवार के जागने पर सभी मौके से फरार हो गए। भोपाल पुलिस को घटनास्थल से जूते-चप्पल मिले हैं और फुटेज खंगाली जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल
लगातार घटनाओं ने भोपाल में अस्पतालों की सुरक्षा, रिहायशी इलाकों में निगरानी, निजी सुरक्षा एजेंसियों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है, लेकिन सवाल यही है- इतनी बड़ी चोरी आखिर बिना किसी भनक के कैसे हो गई?
