नई दिल्ली:- कुकिंग एक्सपर्ट रेशु ड्रोलिया ने गेहूं के आटे और मूंग दाल से बना एक ऐसा बेहतरीन नाश्ता शेयर किया है, जो स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ बनाने में भी काफी दिलचस्प है। इस नाश्ते की खासियत यह है कि इसे पहले भाप में पकाया जाता है और फिर बेसन के घोल में डुबोकर तला जाता है।
शाम की चाय हो या घर आए मेहमान, लोग हमेशा कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो आसान हो और खाने में लाजवाब। अक्सर गेहूं के आटे से सिर्फ रोटियां या परांठे ही बनाते हैं, लेकिन कुकिंग एक्सपर्ट रेशु ड्रोलिया ने इस साधारण आटे को एक नया और चटपटा ट्विस्ट दिया है। मूंग दाल की पौष्टिकता और गेहूं के आटे के कुरकुरेपन से बना यह नाश्ता सेहत और स्वाद का एक बेहतरीन कॉम्बिनेशन है।
इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसे पहले भाप में पकाया जाता है और फिर बेसन के घोल में लपेटकर तला जाता है, जिससे यह बाहर से एक्स्ट्रा क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट रहता है। तो चलिए जानते हैं इस अनोखे और मजेदार नाश्ते को बनाने का पूरा तरीका। ताकि समोसा-कचोड़ी छोड़कर किचन में मौजूद चीजों से कुछ नया बनाया जा सके।
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में डेढ़ कप गेहूं का आटा लें। इसमें थोड़ा सा नमक और अजवाइन डालें। अब धीरे-धीरे पानी डालते हुए इसका एक मीडियम सॉफ्ट आटा गूंथ लें। अब इस आटे को ढंककर 10 मिनट के लिए रख दें ताकि यह अच्छी तरह सेट हो जाए।
एक कप भीगी हुई मूंग दाल लें। दाल को मिक्सर जार में डालकर इसका एक बारीक पेस्ट बना लें। अब इस पेस्ट में कद्दूकस किया हुआ अदरक, बारीक कटी हरी मिर्च, हल्दी, गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें। मसालों के साथ इसमें बारीक कटा प्याज और गाजर भी मिलाएं। यह मिश्रण थोड़ा गाढ़ा होना चाहिए ताकि रोटी पर आसानी से फैल सके।
आटे की एक बड़ी लोई लें और उसे बड़ी रोटी की तरह बेल लें। अब तैयार की गई मूंग दाल की स्टफिंग को रोटी के ऊपर अच्छी तरह फैला दें। अब सावधानी से रोटी को एक तरफ से उठाते हुए रोल करना शुरू करें और अंत में किनारों को अच्छी तरह सील कर दें ताकि स्टफिंग बाहर न निकले।
तैयार किए गए रोल्स को 10 से 15 मिनट के लिए स्टीमर या किसी जालीदार बर्तन में रखकर भाप में पकाएं। भाप में पकने से दाल और आटा अंदर तक अच्छी तरह पक जाते हैं और नाश्ता हल्का बनता है। जब रोल्स पूरी तरह पक जाएं, तो इन्हें बाहर निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद इन्हें मनचाहे टुकड़ों में काट लें।
एक बाउल में आधा कप बेसन लें। इसमें चिली फ्लेक्स, सफेद तिल, बारीक कटा हरा धनिया और नमक मिलाएं। अब पानी डालकर इसका एक मीडियम गाढ़ा घोल बना लें। सफेद तिल और चिली फ्लेक्स इस नाश्ते को ऊपर से बहुत ही सुंदर और कुरकुरा लुक देते हैं।
