छत्तीसगढ़:- रायपुर से बिलासपुर तक मौसम में फिर बदलाव दिखने वाला है. छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मौसम विभाग ने शनिवार को शाम तक तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है. रायपुर में बारिश शुरू हो गई है. दुर्ग में भी तेज बारिश हो रही है.
छत्तीसगढ़ में बारिश और आंधी का दौर जारी है. मौसम विभाग ने राज्य में शाम तक तेज बारिश होने की संभावना जताई है. रायपुर से बिलासपुर तक मौसम में बदलाव होगा. मौसम विभाग के मुताबिक यूपी से ओडिशा तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है. जिसका असर छत्तीसगढ़ में भी दिख रहा है. इसलिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश की संभावना बन रही है. बारिश आंधी की वजह से तापमान में भी गिरावट दिख रही है. जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मौसम और बदल सकता है. रायपुर-दुर्ग में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है. कई इलाकों में बादल छाने के बाद अंधेरा छाया हुआ है. वहीं अंबिकापुर में भी बारिश का दौर शुरू हो गया है. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक अच्छी बारिश की संभावना जताई है.
छत्तीसगढ़ में चलेगी तेज रफ्तार हवा
मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ घंटों में छत्तीसगढ़ में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. जहां अलग-अलग इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना बन रही है. इसलिए गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है. हालांकि 11 मई के बाद मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में हल्का बदलाव शुरू होगा और बारिश आंधी का दौर धीरे-धीरे खत्म हो जाएगा. पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड हुई है. छत्तीसगढ़ में फिलहाल अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आसपास बना हुआ है. जिससे गर्मी का असर फिलहाल कम दिख रहा है.
रायपुर का मौसम
रायपुर में भी मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार शहर में दिनभर आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान करीब 39 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. तेज गर्मी के बीच शाम के समय हल्की आंधी और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी होने की भी संभावना जताई गई है. मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. वहीं प्रशासन ने तेज हवाओं और बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
बिलासपुर संभाग में बारिश की संभावना
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आज मौसम गर्म और उमस भरा रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री दर्ज होने का अनुमान है. दिनभर तेज धूप और आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. दोपहर बाद गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. मौसम में अचानक बदलाव के कारण लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है. लेकिन तेज हवाओं और बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
छत्तीसगढ़ में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में तेज गर्मी के बीच आंशिक बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और आसपास के इलाकों में दोपहर बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.
