मध्य प्रदेश :– राजधानी भोपाल में आज सरकारी नौकरी की राह देख रहे युवाओं का एक बड़ा जमावड़ा होने जा रहा है। शिक्षक भर्ती 2025 के हजारों अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने भोपाल पहुंच चुके हैं। अभ्यर्थियों का दावा है कि आज का यह आंदोलन उनके हक की लड़ाई के लिए बेहद बड़ा और निर्णायक होगा।
DPI कार्यालय के सामने महा-प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार, प्रदेश भर के विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थी स्कूल शिक्षा विभाग के मुख्य कार्यालय (DPI) के सामने एकत्रित होकर विशाल धरना-प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग वर्ग-2 और वर्ग-3 के खाली पदों में सम्मानजनक वृद्धि करना है। इसके साथ ही अभ्यर्थी जल्द से जल्द दूसरी काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू करने की मांग पर अड़े हैं।
अनदेखी का आरोप
आंदोलनकारियों का कहना है कि वे अपनी जायज मांगों को लेकर पहले भी कई बार शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे चुके हैं, लेकिन सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा हर बार उनकी मांगों को अनदेखा किया गया है, जिससे युवाओं में भारी आक्रोश है।
अलर्ट मोड पर पुलिस
हजारों की संख्या में युवाओं के जुटने की संभावना को देखते हुए भोपाल पुलिस और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। DPI कार्यालय और उसके आसपास के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्य मार्गों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। आंदोलन के चलते राजधानी के कुछ रूटों पर ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका है, जिसके लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। असिस्टेंट टीचर्स और मिडिल स्कूल टीचर्स की इस भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं का साफ कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर कोई ठोस और लिखित आश्वासन नहीं देती, तब तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
