नई दिल्ली:– वाराणसी नगर निगम ने सावन माह के शुरू होने से पहले एक बड़ा फैसला किया है। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से नगर निगम ने मांस और मछली की सभी दुकानों को शहर की सीमा से बाहर स्थानांतरित करने का बड़ा कदम उठाया है। इसकी जानकारी नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने रविवार को दी।
निगम के अधिकारी ने बताया कि शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक के दौरान मांस और मछली की दुकानों को शहर से बाहर स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर मुहर लग गई।
चरणबद्ध तरीके से होगा स्थानांतरण
बैठक में हुई चर्चा को लेकर श्रीवास्तव ने बताया कि वाराणसी के विकास को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक में शामिल नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि योजना के पहले चरण में पांच जगहों को चिन्हित किया गया है। ये स्थान शहर की बाहरी सीमाओं के पास ही स्थित हैं। उन्होंने कहा कि योजना में आम जनता के सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
इन इलाकों में दुकानें होंगी शिफ्ट
दुकानों की शिफ्टिंग को लेकर अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण की योजना के तहत वर्तमान में शहर के अंदर चल रहे मीट और मछली की दुकानों को आने वाले दिनों में व्यवस्थित तरीके से गणेशपुर, अवलेशपुर, रामनगर, सुजाबाद, और शिवपुर इलाकों में शिफ्ट किया जाएगा।
यह है पूरा प्लान
वाराणसी नगर निगम द्वारा दुकानों को शहरी सीमा क्षेत्र से बाहर शिफ्ट करने की योजना पर जानकारी देते हुए श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक में शहर के विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सदन में मौजूद सदस्यों ने मीट और मछली के बाजारों को व्यवस्थित तरीके से शहर बाहर स्थानांतरित करने की योजना का समर्थन किया।
इन दुकानों को शहर से बाहरी इलाकों में शिफ्ट करने की योजना पर जानकारी देते उन्होंने बताया कि निगम के इस कदम का उद्देश्य शहर में साफ-सफाई को बेहतर बनाना और बाजारों के कामकाज को सुव्यवस्थित करना है।
