नई दिल्ली:– राजधानी दिल्ली में मशहूर पंजाबी गायक गुरु रंधावा के जिम के बाहर तड़के अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। घटना पश्चिम विहार ईस्ट थाना क्षेत्र के पुष्कर एन्क्लेव स्थित “24 आवर्स फिटनेस” जिम के बाहर हुई। राहत की बात यह रही कि फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित ऑडियो और पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर कहा गया है कि गुरु रंधावा के अभिनेता सलमान खान से करीबी संबंध होने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया है। साथ ही इस हमले को सिर्फ “ट्रेलर” बताया गया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार सुबह पीसीआर कॉल मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में पता चला है कि चेहरे ढके हुए बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने जिम के शीशों पर कई राउंड फायरिंग की और फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल ऑडियो और सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है। मामले की जांच के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
