छत्तीसगढ़:- मानसून की गतिविधियां जारी हैं. मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से में मौसम का एक नया सिस्टम बन रहा है. इसके असर से आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश बढ़ सकती है और कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. रविवार के लिए कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
अंबिकापुर सबसे गर्म
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में 1 जून से अब तक हुई कुल मौसमी बारिश सामान्य श्रेणी में आती है, हालांकि दर्ज किया गया आंकड़ा औसत से 8% कम है. शनिवार को रायपुर में हुई भारी बारिश के कारण सुंदरनगर और महादेवघाट रोड जैसे निचले इलाकों में जलभराव हो गया. पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार, दुर्ग में 16.6 मिमी और राजनांदगांव में 14 मिमी बारिश दर्ज की गई. तापमान की बात करें तो अंबिकापुर 31.8°C के साथ सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि पेंड्रा रोड पर सबसे कम तापमान 22°C दर्ज किया गया.
रायपुर के लालपुर में 4.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दुर्ग में 16.6 मिमी और राजनांदगांव में 14 मिमी बारिश दर्ज की गई. रायपुर के लालपुर में 2.8 मिमी और माना एयरपोर्ट पर 4.1 मिमी बारिश हुई. इसके बाद मौसम सुहावना हो गया, हालांकि भारी बारिश के कारण कई इलाकों में आवाजाही प्रभावित हुई.
आज कैसा रहेगा मौसम?
रविवार, 23 अगस्त को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है. इसके अलावा एक-दो जगहों पर भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है. वहीं रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और शहर में कई बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है. रायपुर में अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. इसके बाद अगले दो दिनों में भी राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की भी आशंका है.
