नई दिल्ली:- एस्थर और सुष्मिता की कहानियों का किया जिक्र
अपने लेख में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नागालैंड के किफिरे जिले की एस्थर का उदाहरण दिया। वह स्वयं सहायता समूह से जुड़ी लखपति दीदी हैं और बाजरे से बने उत्पाद तैयार कर ऑनलाइन माध्यम से दूसरे राज्यों में भी बेच रही हैं। वित्त मंत्री ने इसे ग्रामीण महिलाओं के बढ़ते आर्थिक अवसरों का उदाहरण बताया।
उन्होंने पश्चिम बंगाल की सुष्मिता की कहानी भी साझा की। महामारी में पिता के निधन के बाद उनका पारिवारिक प्रिंटिंग कारोबार संकट में आ गया था। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत बिना गारंटी ऋण मिलने से उन्होंने कारोबार दोबारा शुरू किया। आज उनके यहां आठ लोग काम कर रहे हैं।
सरकारी योजनाओं से बदली बुनियादी सुविधाओं की तस्वीर
वित्त मंत्री ने स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों को नल से पानी मिलने का दायरा 2019 के करीब 3 करोड़ से बढ़कर लगभग 16 करोड़ परिवारों तक पहुंच गया है।
जनधन और DBT से सीधे खातों में पहुंच रही मदद
सीतारमण के अनुसार, देश में 59 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले गए हैं। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंच रही है। इससे बिचौलियों की भूमिका कम करने और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने में मदद मिली है।
वित्त मंत्री ने कहा कि गरीबी उन्मूलन के लिए रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और वित्तीय सुविधाओं पर एक साथ काम करना जरूरी है। उनके मुताबिक, भारत अब केवल राहत देने के बजाय लोगों को आत्मनिर्भर बनाने और आर्थिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
