नई दिल्ली:- नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह इन दिनों भारत के दो दिवसीय दौरे पर हैं। सोमवार को उन्होंने नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत हो रही है। बैठक में भारत-नेपाल संबंधों को मजबूत करने के साथ व्यापार, ऊर्जा, कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
इससे पहले राष्ट्रपति भवन में बालेन शाह का औपचारिक स्वागत किया गया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर 22 से 23 नवंबर तक भारत दौरे पर आए बालेन शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भी मुलाकात करेंगे। उनके साथ नेपाल का 35 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है।
इस दौरे में नेपाल की ओर से बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण के लिए आर्थिक सहायता, व्यापार और पारगमन सुविधाओं में रियायतों की मांग प्रमुख मुद्दे रहेंगे। वहीं भारत की प्राथमिकता नेपाल में ऊर्जा क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश और सहयोग को बढ़ावा देना है। दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक सहयोग के लिए संयुक्त विजन दस्तावेज जारी होने की भी संभावना है।
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के भारत दौरे में अयोध्या-जनकपुर ट्रेन सेवा का शुभारंभ भी अहम रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह सोमवार को नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश के अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम को सीधे जोड़ेगी।
करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन 28 नवंबर से नियमित रूप से शुरू होगी। यात्रा में लगभग 19 घंटे लगेंगे। ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी। अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि और जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली होने के कारण इस सेवा से रामायण सर्किट के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
