नई दिल्ली:- गुरु नानक जयंती के मौका हो या गुरुद्वारे का कोई आम दिन श्रद्धालुओं को कड़ा प्रसाद वितरित किया जाता है। गेहूं के आटे, देसी घी और चीनी से बनने वाला यह प्रसाद स्वाद में बेहद खास होता है।
इसकी सबसे बड़ी खासियत है कि इसमें इस्तेमाल होने वाली साधारण सामग्री, लेकिन सही अनुपात और बनाने का तरीका इसके स्वाद को बेहद खास बनाता है। आप भी घर पर गुरुद्वारे जैसा कड़ा प्रसाद बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी आसान और सरल रेसिपी।
कड़ा प्रसाद बनाने के लिए सामग्री
गेहूं का आटा – 1 कप
देसी घी – 1 कप
चीनी – 1 कप
पानी – 3 कप
कड़ा प्रसाद के लिए सभी चीजें समान मात्रा में ली जाती है। पानी की मात्रा कड़ा प्रसाद के टेक्स्चर के लिए बहुत जरूरी है।
कड़ा प्रसाद बनाने की आसान विधि
सबसे पहले चीनी का पानी तैयार करें
एक बर्तन में 3 कप पानी गर्म करें। इसमें चीनी डालकर अच्छी तरह घुलने दें। पानी में उबाल आने पर गैस बंद कर दें और साइड में रख दें।
घी में आटे को अच्छी तरह भूनें
अब एक भारी तले की कड़ाही में देसी घी गर्म करें। इसमें गेहूं का आटा डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें। ध्यान रहे कि आटे को कड़ाही के तले में लगने न दें। इसे तब तक भूनें, जब तक इसका रंग हल्का सुनहरा भूरा न हो जाए और अच्छी खुशबू न आने लगे।
आटा अच्छी तरह भुन जाने पर आंच धीमी कर दें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके गर्म चीनी का पानी डालें और लगातार चलाते रहें। पानी एक साथ डालने से छींटे पड़ सकते हैं। मिश्रण को लगातार चलाते रहें, वरना गांठें पड़ सकती है।
प्रसाद को अच्छी तरह पकाएं
अब मिश्रण को धीमी आंच पर पकने दें। इसे लगातार चलाते रहें, जब तक आटा पानी सोखकर गाढ़ा न हो जाए और घी किनारों पर दिखाई देने न लगे। जब हलवे में चिकनाहट आ जाए और मुलायम हो जाए, तो गैस बंद कर दें। गरमागरम कड़ा प्रसाद तैयार है। इसे श्रद्धा के साथ परोसें।
