नई दिल्ली:– सोमवार को पंजाब के तरनतारन जिले में एक चौंकाने वाली घटना हुई। उस्मा गांव के माई भागो लॉ कॉलेज में क्लास शुरू होने पर एक छात्र ने अपनी क्लासमेट लड़की को गोली मारकर हत्या कर दी और फिर तुरंत खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से कॉलेज कैंपस में दहशत फैल गई और अब छात्रों के बीच डर का माहौल है।
मृतक लड़की की पहचान नौशेरा पन्नुआं की रहने वाली संदीप कौर के रूप में हुई है, जबकि हमलावर और आत्महत्या करने वाले लड़के की पहचान मलियां गांव के रहने वाले प्रिंस राज के तौर पर सामने आई है। इस दहला देने वाली घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दिल दहला देगा यह CCTV वीडियो
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे टाइम स्टांप के मुताबिक यह घटना 9 फरवरी यानी आज सुबह 9 बजकर 17 मिनट पर घटी थी। फुटेज में दिख रहा है कि प्रिंस राज क्लासरूम में लड़की के सामने वाली बेंच पर खड़ा होता है, जबकि संदीप कौर पीछे की बेंच पर एक सहपाठी के साथ बैठी होती है।
इसी दौरान प्रिंस पीछे घूमता है और पिस्तौल से संदीप कौर के सिर में बेहद करीब से गोली मार देता है। संदीप के बगल खड़ी लड़की डरकर आगे की तरफ बढ़ती है। जिसके ठीक बद वह दोबारा पिस्टल लोड करता है और अपने सिर में गोली मारकर वहीं ढेर हो जाता है। इस घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो जाती है।
खौफनाक वारदात पर क्या बोले DSP?
इस दिल दहला देने वाली वारदात को लेकर DSP जगबीर सिंह ने बताया कि क्लास शुरू होने की साथ ही यह घटना घटी है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या और आत्महत्या का मकसद जांच के बाद ही पता चल सकेगा।
दूसरी तरफ इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि एक छात्र कॉलेज के अंदर पिस्तौल लेकर कैसे दाखिल हो गया? फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि प्रिंस राज ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया? यह मामला एकतरफा प्यार का था या आपसी रंजिश का? इन सवालों के जवाब जानने के लिए पुलिस परिजनों और अन्य सहपाठियों से पूछताछ कर रही है।
