नई दिल्ली:– तेलंगाना के यादद्री भुवनगिरी ज़िले में स्थित अलेर रेलवे स्टेशन के पास चारमीनार एक्सप्रेस में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह हादसा ट्रेन के S5 कोच में हुआ, जहां पहले धुआं उठता दिखा और देखते ही देखते आग की लपटें नजर आने लगीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही ट्रेन अलेर स्टेशन के करीब पहुंची, यात्रियों ने कोच के अंदर धुआं भरता देखा। हालात बिगड़ते देख यात्रियों में घबराहट फैल गई और कई लोग तुरंत बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। बताया जा रहा है कि ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया, जिससे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलने का मौका मिला। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि रेलवे की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।आग लगने के कारणों का पता नहीं
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी और स्थानीय राहत दल मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें कोच से धुआं और आग निकलती साफ देखी जा सकती है। एक यात्री ने बताया कि आग लगते ही कोच धुएं से भर गया, जिससे घबराकर यात्रियों ने चेन खींच दी और ट्रेन को रोका गया। हालांकि, ट्रेन रुकने से पहले ही कुछ यात्री जान बचाने के लिए कूद पड़े थे।
यात्रियों में फैली दहशत
ट्रेन में आग लगने के बाद यात्रियों के बीच जबरदस्त दहशत फैल गई। लोगों ने बताया कि पहले कोच से धुआं निकलता दिखा और जब तक वे कुछ समझ पाते, अचानक आग की लपटें उठने लगीं। इससे घबराकर यात्री इधर-उधर भागने लगे और कोच में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी तुरंत रेलवे अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और आग बुझाने का काम शुरू किया गया।प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि चारमीनार एक्सप्रेस में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है। हालांकि, असली कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल, इस मामले में रेलवे विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
