नई दिल्ली:– बॉलीवुड फैंस लंबे समय से उस ऐतिहासिक पल का इंतजार कर रहे हैं जब शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। अब इस बहुप्रतीक्षित सवाल पर आमिर खान ने खुलकर बात की है और बताया है कि आखिर अब तक यह सपना क्यों पूरा नहीं हो पाया।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में आमिर खान ने कहा कि वह खुद भी तीनों खानों को एक साथ फिल्म में देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने शाहरुख खान की तारीफ करते हुए कहा कि उनके पास शानदार चार्म है और वह दर्शकों की नब्ज पहचानते हैं। आमिर ने बताया कि शाहरुख के साथ कई बार फिल्म को लेकर चर्चा हुई, लेकिन अब तक ऐसी दमदार कहानी नहीं मिली जो तीनों सुपरस्टार्स के कद के साथ न्याय कर सके।
आमिर ने यह भी कहा कि शाहरुख और सलमान कई बार साथ काम कर चुके हैं, वह खुद सलमान के साथ ‘अंदाज अपना अपना’ में नजर आ चुके हैं, लेकिन आमिर और शाहरुख आज तक किसी फिल्म में साथ नहीं आए। उन्होंने माना कि यह अधूरापन उन्हें भी महसूस होता है।
आमिर खान ने खुलासा किया कि करीब एक साल पहले उन्होंने शाहरुख और सलमान से कहा था कि तीनों को साथ फिल्म करनी चाहिए। उनका मानना है कि अगर यह तिकड़ी एक साथ आती है तो वह दर्शकों के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं होगी। फिलहाल तीनों सुपरस्टार्स एक शानदार स्क्रिप्ट का इंतजार कर रहे हैं।
बता दें कि साल 2025 में आर्यन खान की वेब सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड में तीनों खान कैमियो रोल में नजर आए थे, लेकिन अब फैंस को उस दिन का इंतजार है जब तीनों पहली बार एक साथ पूरी फिल्म में स्क्रीन शेयर करेंगे।
