उज्जैन:– महाकुंभ सिंहस्थ-2028 के समय शिप्रा नदी के निर्माणाधीन नए घाटों तक श्रद्धालु कैसे पहुंचेंगे, ये जांचने शनिवार सुबह 6 बजे प्रशासनिक अमला शिप्रा किनारे पदयात्रा करने उतर गया। संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों संग त्रिवेणी घाट क्षेत्र से सांवराखेड़ी तक करीब छह किलोमीटर लंबी पदयात्रा कर प्लान बनाया। हर 200 मीटर पर रास्ता बनाने का फैसला लिया।
778 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 29.21 किलोमीटर लंबे घाट प्रोजेक्ट के बीच प्रशासन अब केवल निर्माण नहीं, बल्कि भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और सुगम आवागमन की स्थायी व्यवस्था पर फोकस कर रहा है। प्रशासन का मानना है कि इससे सिंहस्थ के दौरान भीड़ एक ही स्थान पर केंद्रित नहीं होगी और घाटों तक आवाजाही आसान रहेगी।
