छत्तीसगढ़:- जिले के महुआपारा इलाके में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक पर 17 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना के बाद नाबालिग ने कथित तौर पर बुजुर्ग पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक सीताराम गोंड़ करीब 65 वर्ष का था और एक निर्माणाधीन मकान की देखरेख के लिए चौकीदार के रूप में काम करता था। नाबालिग लड़की काम के सिलसिले में सूरजपुर आई थी और आरोपी के परिचित होने के कारण उसके यहां ठहरी थी। लड़की उसे मुंहबोला बाबा मानती थी।
रात में हुई घटना
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, 27 सितंबर की रात दोनों खाना खाने के बाद सो गए थे। आरोप है कि इसी दौरान बुजुर्ग ने नाबालिग के साथ जबरदस्ती की। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और नाबालिग ने कथित तौर पर बुजुर्ग पर हमला कर दिया।
घटना के बाद नाबालिग वहां से निकल गई। अगले दिन निर्माणाधीन मकान के आसपास मौजूद मजदूरों ने उसे जाते हुए देखा। इसके बाद अंदर जाकर देखने पर बुजुर्ग मृत मिला। सूचना मिलने पर सूरजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
