
देवघरः झारखंड के देवघर जिले के त्रिकुट पहाड़ पर पिछले 24 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा था, जिसे फिर एक दुर्घटना के बाद रोक दिया गया है। अब मंगलवार सुबह दोबारा राहत और बचाव का काम शुरू किया जाएगा।देवघर के त्रिकुट पहाड़ पर रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सेना के हेलिकॉप्टर से फिसल कर एक युवक नीचे गिर गया। युवक को ट्रॉली से रस्सी के सहारे हेलिकॉप्टर के अंदर खींचने की कोशिश हो रही थी, लेकिन हेलिकॉप्टर के करीब पहुंचकर युवक का हाथ छूट गया और वह नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में उसकी मौत हो गई।इसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन को रोक दिया गया है। पिछले 24 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक 32 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। फिलहाल 3 टॉलियों में एक दर्जन लोग फंसे हुए हैं। इन लोगों को कल सुबह रेस्क्यू किया जाएगा।रविवार शाम को देवघर के त्रिकुट पहाड़ पर रोपवे की ट्रॉली में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। आमने सामने दो ट्रॉली आने से 6 लोग घायल हो गये। इस हादसे के में 8 ट्रॉली हवा में लटक गये। इन ट्रॉलियों में फंसे 48 लोगों को रातभर ट्रॉली में ही रहना पड़ा।सोमवार को सेना के हेलीकॉप्टर के माध्यम से राहत बचाव का काम शुरू हुआ। लोगों को सुरक्षित निकालने के साथ ड्रोन के जरिए खाना और पानी पहुंचाया गया। इस बीच लोगों का कहना है कि एक बार में 12 ट्रॉली के बदले 26 ट्रॉली को खोला गया, जिसके चलते हादसा हुआ है। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्थानीय सांसद निशिकांत और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह घटनाक्रम पर नजर बनाये हुए हैं। पर्यटन मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि राहत और बचाव कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता के अनुसार हादसे की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।