भोपाल, 23 नवंबर ।मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली रेल किराए में छूट को दोबारा शुरू कर दिया जाए।
पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक कांग्रेस नेता श्री सिंह ने मांग की है कि ये छूट देश के खिलाड़ियों, कलाकारों, अधिमान्य पत्रकारों, युवाओं, किसानों और शहीदों की विधवाओं को भी दी जाए।
श्री सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने कोरोना के चलते वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली रेल किराए में छूट की सुविधा अचानक बन्द कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान करीब चार करोड़ वरिष्ठ नागरिकों को मजबूर होकर पूरा किराया चुकाकर यात्रा करनी पड़ी। ये उनके साथ धोखेबाजी है।
उन्होंने कहा कि रेलवे ने बहुत सी गाड़ियां फिर से शुरू कर दी हैं, परंतु राहत देने के मामले में लॉकडाउन जैसी पाबंदी है।
श्री सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि रेल किराए में छूट दिए जाने के पीछे छिपी भावनाओं की कद्र करते हुए उन्हें फिर से लागू किया जाए।