हाेशंगाबाद, 23 नवंबर। मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले के पथरौटा थाना क्षेत्र स्थित रेलवे ट्रैक में वीडियो बनाने के प्रयास में एक युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गयी है। इस घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया में वायरल हो गया, जिसमें मन को विचलित करने वाली तस्वीर दिखायी दे रही है।
पथरौटा के थाना प्रभारी नागेश वर्मा ने आज बताया कि रविवार को पांजराकलाॅ गांव निवासी संजू चौरे नाम का एक युवक अपने दोस्त के साथ घूमने के लिए गया था। वहां से लौटते समय वह रेलवे ट्रेक पर पहुंचा। इसी दौरान नागपुर की ओर से आ रही मालगाड़ी के साथ वीडियो बनाने लगा, तभी वह तेज गति से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। उसके साथी ने इसकी सूचना डायल 100 को दी, जिसके बाद उसे अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वीडियो उसका दोस्त बना रहा था।
थाना प्रभारी वर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ में यह सामने आया कि संजू सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने के लिए चलती ट्रेन के साथ अपना वीडियो बनवा रहा था कि तभी वह ट्रेन के आने से आई तेज हवा से अपना संतुलन खो बैठा और ट्रेन से टकरा कर दूर जा गिरा और मूर्छित हो गया. थाना प्रभारी वर्मा ने बताया कि उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.