राजस्थान:- राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी के बीच है. दोनों ही पार्टियों ने कई दिग्गजों को मैदान में उतारा है. कांग्रेस नेता और मौजूदा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत चुनाव लड़ रहे हैं तो वहीं पूर्व सीएम और बीजेपी नेता वसुंधरा राजे भी चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रही हैं. कांग्रेस नेता और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी चुनाव लड़ रहे हैं. राजस्थान में कांग्रेस और बीजेपी के दिग्गज उम्मीदवारों वाली वीआईपी सीटों पर सबकी नजरें टिकी हैं।
कांग्रेस नेता और राजस्थान के उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी कोलायत सीट से मैदान में हैं, उनके सामने बीजेपी से अंशुमान सिंह भाटी चुनाव में ताल ठोक रहे हैं. वहीं, कांग्रेस नेता सालेह मोहम्मद पोकरण सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. इस सीट से बीजेपी उम्मीदवार महंत प्रतापपुरी महाराज किस्मत आजमा रहे हैं।
कांग्रेस नेता ममता भूपेश सिकराय सीट से प्रत्याशी हैं, बीजेपी ने उनके सामने विक्रम बंशीवाल को प्रत्याशी बनाया है. कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास सिविल लाइंस से चुनावी मैदान में हैं तो उनके सामने बीजेपी ने गोपाल शर्मा को उम्मीदवार बनाया है।
