नई दिल्ली:– मानसून का मौसम भीषण गर्मी से राहत जरूर देता है, लेकिन नौकरीपेशा लोगों के लिए यह कई चुनौतियां भी लेकर आता है. तेज बारिश, सड़कों पर जलभराव, ट्रैफिक जाम और उमस भरा मौसम रोजाना ऑफिस आने-जाने को मुश्किल बना देते हैं। कई बार भीगने की वजह से कपड़े खराब हो जाते हैं, जूते गीले हो जाते हैं और पूरा दिन असहज महसूस होता है। इतना ही नहीं, लंबे समय तक गीले कपड़ों में रहने से सर्दी-जुकाम, वायरल इंफेक्शन और त्वचा संबंधी समस्याओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
ऐसे में अगर आप पहले से कुछ जरूरी तैयारियां कर लें और अपने ऑफिस बैग में कुछ खास चीजें रखें, तो मानसून के दौरान भी आपकी वर्किंग लाइफ काफी आसान हो सकती है। आइए जानते हैं उन 8 जरूरी चीजों के बारे में, जो बारिश के मौसम में हर ऑफिस जाने वाले के बैग में जरूर होनी चाहिए। फोल्डेबल छाता या रेनकोट
मानसून में मौसम कब बदल जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. इसलिए बैग में हमेशा एक हल्का और फोल्डेबल छाता या कॉम्पैक्ट रेनकोट रखें।
यह अचानक होने वाली बारिश से आपको और आपके जरूरी सामान को सुरक्षित रखेगा। वाटरप्रूफ बैग कवर
बारिश के दौरान लैपटॉप, जरूरी दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। बैग के लिए वाटरप्रूफ कवर या वॉटर-रेजिस्टेंट बैग का इस्तेमाल करने से सामान भीगने का खतरा कम हो जाता है।
अतिरिक्त मोजे और रुमाल
बारिश में अक्सर जूते और मोजे गीले हो जाते हैं, जिससे पैरों में बदबू और फंगल इंफेक्शन की समस्या हो सकती है. बैग में एक जोड़ी अतिरिक्त मोजे और एक साफ रुमाल या छोटा तौलिया जरूर रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर खुद को सूखा और आरामदायक रख सकें। सैनिटाइजर और वेट वाइप्स
बरसात के मौसम में बैक्टीरिया और वायरस तेजी से फैलते हैं। बाहर से आने के बाद हाथ साफ करने के लिए सैनिटाइजर और चेहरे या हाथों की सफाई के लिए वेट वाइप्स बेहद उपयोगी साबित होते हैं। मोबाइल के लिए वाटरप्रूफ पाउच
आज के समय में मोबाइल हर किसी की जरूरत बन चुका है. बारिश के दौरान फोन खराब न हो, इसके लिए वाटरप्रूफ मोबाइल पाउच अपने साथ रखें. इससे फोन सुरक्षित रहेगा और जरूरत पड़ने पर आप आसानी से उसका इस्तेमाल भी कर सकेंगे।
छोटा स्नैक और पानी की बोतल
भारी बारिश और ट्रैफिक जाम के कारण कई बार ऑफिस पहुंचने में काफी देर हो जाती है। ऐसे में बैग में ड्राई फ्रूट्स, एनर्जी बार या बिस्किट जैसे हल्के स्नैक्स और पानी की बोतल रखना फायदेमंद रहता है। बेसिक मेडिसिन किट
मौसम बदलने के कारण सर्दी, सिरदर्द या हल्का बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए डॉक्टर की सलाह के अनुसार जरूरी दवाइयों, बैंडेज और दर्द निवारक स्प्रे जैसी चीजों वाली छोटी फर्स्ट एड किट अपने साथ रखें।
प्लास्टिक पाउच गीले कपड़े, छाता या अन्य सामान रखने के लिए एक प्लास्टिक या जिप-लॉक पाउच भी बैग में जरूर रखें, ताकि बाकी सामान सुरक्षित रहे। मानसून में रखें इन बातों का भी ध्यान बारिश में जितना संभव हो, लंबे समय तक गीले कपड़ों और जूतों में रहने से बचें। ऑफिस पहुंचते ही खुद को सूखा रखें और जरूरत पड़ने पर कपड़े या मोजे बदल ले। साथ ही, मौसम के अनुसार संतुलित आहार लें और पर्याप्त पानी पीते रहें। छोटी-छोटी तैयारियां न सिर्फ आपको बारिश की परेशानियों से बचाएंगी, बल्कि पूरे दिन आपको स्वस्थ, ऊर्जावान और आरामदायक भी बनाए रखेंगी।
