
सागर। मध्य प्रदेश के सागर में एक स्कूल में कोरोना वैक्सीनेशन गंभीर लापरववाही का मामला सामने आया है. यहां एक स्कूल में कोविड वैक्सीनेशन के दौरान एक सिरिंज से 30 बच्चों को वैक्सीन की डोज लगा दी गई. स्कूल में बच्चों के लिए कोरोना वैक्सीनेशन का कैंप लगाया गया था. जब यह लापरवाही सामने आई तो प्रशासन में हड़कंप मच गया.
मामला सागर के जैन पब्लिक स्कूल का है. जैसे ही अभिभावकों को इस घटना की जानकारी हुई, तो उन्होंने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा किया. हंगामे के बाद सीएमएचओ मौके पर पहुंचे और उन्होंने मामले की जांच का आदेश दिया है. वही वैक्सीनेटर का कहना है कि ”मुझे सिर्फ एक ही सिरिंज उपलब्ध कराई गई थी. इसीलिए मैंने उसी सिरिंज से करीब 30 बच्चों को कोरोना वैक्सीन लगा दी”.
बताया जा रहा है कि इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने निजी नर्सिंग कॉलेज के नर्सिंग छात्र की ड्यूटी लगायी थी. वैक्सीनेशन करने वाले नर्सिंग छात्र जितेंद्र ने एक ही सिरिंज से करीब 30 बच्चों को कोरोना वैक्सीन लगा दी. धीरे-धीरे स्कूली छात्रों को इसकी जानकारी लगी और उन्होंने घर जाकर अपने अभिभावकों को इस घटना के बारे में बताया. तुरंत अभिभावक स्कूल पहुंच गए और उन्होंने जाकर स्कूल में जमकर हंगामा किया.
सीएमएचओ ने दिए जांच के आदेश:
घटना की जानकारी लगते ही सागर के जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डीके गोस्वामी अपने अमले के साथ जैन पब्लिक हाई स्कूल पहुंचे और उन्होंने घटना की जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि ”इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा. वही एक ही सिंरिज से 30 बच्चों को वैक्सीन लगाने से उनके स्वास्थ्य पर होने वाले नुकसान के सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा”.