
मथुरा : उत्तर प्रदेश के मथुरा के एक सरकारी स्कूल का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आप इस वीडियो में देख सकते है कि स्कूल में बरसात का पानी भरने के बाद तालाब जैसा नजारा देखने को मिल रहा है. इसी दौरान स्कूल में एक महिला टीचर की एंट्री होती है. लेकिन खास बात ये है कि बारिश के पानी में महिला टीचर के पैर गंदे ना हो जाए, इससे बचने के लिए उन्होंने ऐसा तरीका निकाला की सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गईं. किसी यूजर ने महिला टीचर को राजकुमारी कहा तो किसी ने शहजादी.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये पूरा मामला मथुरा के बलदेव ग्राम पंचायत दघेटा प्राथमिक विद्यालय का है. सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में स्कूल में भरे पानी से बचने के लिए टीचर ने न केवल बच्चों को पानी में उतार दिया, बल्कि उनकी मदद से कुर्सियों का पुल बनवाया और फिर कुर्सियों पर चढ़कर स्कूल परिसर में भरे पानी को पार किया.
महिला टीचर का ये वीडियो वायरल होने के बाद फिलहाल उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है. इस पूरे मामले पर प्रिंसिपल सुजाता सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि महिला टीचर को स्किन एलर्जी है. जिसकी वजह से उन्होंने बच्चों को कुर्सी का पुल बनाने को कहा था. हालाँकि इस बात में कितनी सच्चाई ये तो वक्त ही बताएगा. फ़िलहाल तो ये वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है.