नई दिल्ली:- केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के निदेशक और वरिष्ठ IPS अधिकारी प्रवीण सूद को केंद्र सरकार ने एक साल का सेवा विस्तार दिया है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर उनके कार्यकाल को 24 मई 2026 के बाद एक वर्ष तक बढ़ाने की मंजूरी दे दी है।
इस संबंध में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश के मुताबिक, कर्नाटक कैडर के 1986 बैच के IPS अधिकारी प्रवीण सूद अब अगले एक साल तक CBI निदेशक के पद पर बने रहेंगे। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब कई महत्वपूर्ण मामलों की जांच एजेंसी के पास लंबित है।
आदेश पर नियुक्ति समिति की सचिव मनीषा सक्सेना के हस्ताक्षर हैं। केंद्र सरकार के इस फैसले को जांच एजेंसी की निरंतरता और प्रशासनिक स्थिरता के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
