नई दिल्ली:– कभी दुबई और मुंबई की चमक-दमक भरी जिंदगी जीने वाली सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और सेलिब्रिटी मैनेजर स्वाति मिश्रा अब वृंदावन में साधना और गुरु सेवा में जीवन बिता रही हैं। लाखों फॉलोअर्स, लग्जरी लाइफ, बिजनेस क्लास सफर और बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के साथ काम करने वाली स्वाति ने सब कुछ छोड़कर प्रेमानंद महाराज की शरण अपना ली।
अब उन्हें ‘वृंदानी सहचरी’ के नाम से जाना जाता है। स्वाति ने एक इंटरव्यू में बताया कि वह झांसी की रहने वाली हैं और पिछले पांच साल से वृंदावन में रह रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले उनकी जिंदगी पूरी तरह ग्लैमर से भरी थी, जहां पर्सनल हेयर स्टाइलिस्ट, डिजाइनर और आलीशान लाइफस्टाइल आम बात थी। दुबई में नौकरी लगने के बाद सब कुछ सेट था, लेकिन सोशल मीडिया पर प्रेमानंद महाराज के वीडियो देखने के बाद उनकी जिंदगी बदल गई।
पूर्णिमा पर पहली बार वृंदावन पहुंचकर गुरुजी के दर्शन किए और फिर कभी पुरानी जिंदगी में लौटने का मन नहीं हुआ। स्वाति ने बताया कि शुरुआती दौर संघर्ष भरा था, परिवार भी परेशान था, लेकिन उन्होंने वृंदावन नहीं छोड़ा। यहां तक कि शादी तय होने के बाद भी जब सामने वाले परिवार ने वृंदावन छोड़ने की शर्त रखी तो उन्होंने रिश्ता खत्म कर दिया। अब स्वाति साधारण जीवन जीते हुए गुरु सेवा और भक्ति में अपना समय बिता रही हैं। उनका कहना है कि वृंदावन आने और संतों की शरण में जाने के बाद जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है।
