नई दिल्ली:- महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। अवैध ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए CBI ने देश के 6 राज्यों में एक साथ 33 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई अवैध ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के पैनल ऑपरेटरों और उनसे जुड़े ठिकानों पर की गई।
जानकारी के मुताबिक, CBI ने यह सर्च ऑपरेशन सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान सामने आए खुलासों के आधार पर चलाया। छापेमारी के दौरान कई जगहों पर लाइव बेटिंग और जुआ पैनल संचालित होते पाए गए। जांच एजेंसी ने इन अवैध बेटिंग पैनलों को बंद करा दिया।
कार्रवाई के दौरान CBI ने मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और कई आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए हैं। इसके अलावा जांच एजेंसी को म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के जरिए पैसों के लेनदेन से जुड़े अहम सबूत भी मिले हैं।
CBI अब इस पूरे नेटवर्क के वित्तीय लेनदेन और विदेश में मौजूद आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश जारी है।
CBI ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस कार्रवाई की जानकारी दी है। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े नेटवर्क और उसके वित्तीय लेनदेन को लेकर और भी खुलासे हो सकते हैं।
