नई दिल्ली:- हर साल 14 नवंबर को वर्ल्ड डायबिटीज डे मनाया जाता है। इस मौके पर चंडीगढ़ के PGIMER के एंडोक्राइनोलॉजी विभाग के पूर्व प्रमुख डॉ. अनिल भंसाली ने भारत में डायबिटीज के बढ़ते मामलों और बदलती जीवनशैली को लेकर चिंता व्यक्त की। डॉ. अनिल भंसाली ने बताया कि देश में करीब 10 करोड़ लोग डायबिटीज और लगभग 16 करोड़ लोग प्री-डायबिटीज से प्रभावित हैं। उनके मुताबिक, मोटापा, खराब खानपान, पारिवारिक इतिहास और शारीरिक गतिविधियों की कमी इसके प्रमुख कारणों में शामिल हैं। डॉ. भंसाली ने बच्चों और किशोरों में बढ़ते मोटापे पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कोविड के दौरान बच्चों की शारीरिक गतिविधियां कम हुईं, वहीं पढ़ाई, ट्यूशन और जंक फूड की आदतों ने भी इस समस्या को बढ़ाया। उन्होंने लोगों को जल्दी और हल्का डिनर करने, रोजाना एक्सरसाइज करने और जंक फूड का सीमित सेवन करने की सलाह दी।
