छत्तीसगढ़:- गर्मी ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है. अप्रैल के महीने में मई-जून सा एहसास लोगों को हुआ है. आने वाले दिनों में भी राहत के बादल नजर नहीं आ रहे हैं. आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ में गर्मी और बढ़ने वाली है. मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ, लेकिन अगले 3 दिनों में पारा 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है. भीषण गर्मी के मौसम में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों में पारा 2 से 3 डिग्री तक पारा बढ़ सकता है. इसके बाद 2 दिन तक तापमान लगभग ऐसा ही बना रहेगा. प्रदेश के मध्य हिस्सों में 24 से 27 अप्रेल के बीच लू चलने की संभावना है.
तापमान में होने वाली बढ़ोतरी से मध्य छत्तीसगढ़ प्रभावित होगा. प्रदेश के मध्य हिस्से, जिसमें रायपुर और दुर्ग संभाग हैं, यहां असर ज्यादा दिखेगा. रायपुर और दुर्ग संभाग के जिलों में लू चलने की संभावना है.
प्रदेश में तापमान के हिसाब से राजनांदगांव सबसे ज्यादा गर्म रहा है, यहां तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया है. वहीं अंबिकापुर में सबसे कम 19.6 डिग्री दर्ज किया गया. बढ़ते तापमान के बीच मौसम विभाग ने दोपहर के समय खास सावधानी बरतने की सलाह दी है.
छत्तीसगढ़ में अभी दो सिस्टम का असर है. पहला ट्रफ लाइन पूर्व विदर्भ से लेकर दक्षिण के कोमोरिन इलाके तक फैली है, जो तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु से होकर गुजर रही है. वहीं दूसरा ट्रफ बांग्लादेश से ओडिशा के उत्तरी हिस्से तक बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में प्रदेश में मौसम सूखा रहेगा.
प्रदेश की राजधानी रायपुर में आज मौसम विभाग ने हीटवेव चलने की संभावना जताई है. रायपुर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 रहने का अनुमान है. यहां भीषण गर्मी से लोगों का बुरा हाल है. मौसम में बदलाव के अभी कोई आसार नहीं हैं.
अगले दो दिन प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा. प्रदेश के शहरों के तापमान की बात करें तो बिलासपुर में 42.40 डिग्री, राजनांदगांव में 44 डिग्री, दुर्ग में 43 डिग्री, अंबिकापुर में 39.5 डिग्री, जगदलपुर में 38.1 डिग्री दर्ज किया गया है. प्रदेश में अधिकतम तापमान 44 और न्यूनतम तापमान 28 रह सकता है.
भीषण गर्मी के बीच लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. लंबे समय तक तेज धूप न रहने और ज्यादा तला भुना न खाने की सलाह दी गई है. वहीं ज्यादा पानी पीने और हाइड्रेट रहन की सलाह भी दी गई है ताकि हीट स्ट्रोक से बचा जा सके.
