रायपुर, 9 मार्च। छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल चौथी बार विधानसभा में बजट पेश करने गोबर से बने ब्रीफकेस लेकर पहुंचे। बजट पेश करने से पहले कैबिनेट की मीटिंग हुई। मीटिंग में बजट को मंजूरी दी गई। बजट से पहले आठ मार्च को भूपेश सरकार सदन में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया था। आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश की जीडीपी में 11.5 फीसदी तक की बढ़ोत्तरी हुई है।
कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार अब तक सबसे बड़ा बजट छत्तीसगढ़ सरकार पेश करेगी। एक लाख करोड़ के पार प्रदेश का बजट होगा। विधानसभा में सत्र की शुरुआत के साथ प्रश्नकाल होगा। इसके बाद सीएम भूपेश बघेल 2022-23 के लिए बजट पेश करेंगे।
वहीं, 2023 में प्रदेश में विधानसभा के चुनाव होने हैं। ऐसे में भूपेश सरकार चुनाव को ध्यान में रखते हुए बजट पेश करेगी। इस बजट में सीएम भूपेश बघेल कुछ जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं की घोषणा कर सकते हैं। इसके साथ ही प्रदेश के लोगों से लोक लुभावन वायदे भी कर सकते हैं।
विधानसभा का बजट सत्र पूर्ण होने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों का सघन दौरा करेंगे। इस दौरान वे सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में रात्रि-विश्राम करेंगे और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। वे आम-लोगों, जनप्रतिनिधियों, समाज-सेवियों, व्यापारियों, महिला समूहों, कर्मचारी संगठनों, श्रमिक संगठनों से सीधे बातचीत करके शासन के कामकाज का फीडबैक लेंगे।