छत्तीसगढ़:– गर्मी की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए बिलासपुर रेल मंडल ने रिजर्व कोचों में अनधिकृत रूप से यात्रा करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। रेलवे की विशेष टीम लगातार ट्रेनों में सघन जांच कर रही है और नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर कार्रवाई की जा रही है।
अक्सर देखा जाता है कि भीड़ का फायदा उठाकर बिना टिकट या जनरल टिकट वाले यात्री स्लीपर और एसी कोचों में प्रवेश कर जाते हैं। इससे आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यात्रियों की इसी समस्या को दूर करने के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया है।
बिलासपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों के सफर को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है, ताकि कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को उनकी सीट और शांतिपूर्ण माहौल मिल सके। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक गर्मियों के पूरे सीजन में यह विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही यात्रियों से नियमों का पालन करने और वैध टिकट के साथ यात्रा करने की अपील भी की गई है।
