छत्तीसगढ़:– केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री साय ने धर्मेंद्र प्रधान के सार्वजनिक जीवन और केंद्रीय मंत्री के रूप में उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने अपने सार्वजनिक जीवन में प्रत्येक दायित्व का निर्वहन सदैव निष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सीएम साय ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, तकनीकी एवं उच्च शिक्षा के विस्तार तथा विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के सृजन में धर्मेंद्र प्रधान का योगदान उल्लेखनीय रहा है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने पद से त्यागपत्र देने का उनका निर्णय सार्वजनिक जीवन में नैतिक मूल्यों, मर्यादा और सिद्धांतों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का परिचायक है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धर्मेंद्र प्रधान को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रसेवा के उनके सतत प्रयास निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करते रहें।
