नई दिल्ली:– देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 जुलाई से अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड, झारखंड, बिहार,राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
झारखंड के 8 जिलों में येलो अलर्ट
झारखंड के रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में आकाशीय गर्जन, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। राज्य के बाकी जिलों में हल्की बारिश का अनुमान लगाया जा रहा है।
बिहार के कई जिलों में बारिश और तेज हवा की चेतावनी
बता दें कि बिहार के कई जिलों में मौसम खराब और बारिश के चलते येलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और मधेपुरा में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पटना समेत कई अन्य जिलों में सामान्य बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली, यूपी, हरियाणा और पंजाब में होगी बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि 26 से 27 जुलाई के बीच दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पंजाब में मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं दूसरी तरफ पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 जुलाई को कई जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि, दिल्ली में 28 जुलाई तक मौसम सुहावना बना रहेगा और कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है।
उत्तराखंड में 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। रिपोर्ट के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
मिली जानकारी के मुताबिक 27 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं 28 और 29 जुलाई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल समेत कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
राजस्थान में तीन दिन सक्रिय रहेगा मानसून
जयपुर में अगले तीन दिनों तक राजस्थान में मानसून सक्रिय रहेगा। दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान में मध्यम और कुछ जगह तेज बारिश हो सकती है। वहीं 28 जुलाई से पूर्वी राजस्थान में बारिश फिर तेज होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, नदी-नालों और भूस्खलन वाले इलाकों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।
