नई दिल्ली:- पर्व की पूर्व संध्या पर अयोध्या के 10वें दीपोत्सव में सरयू के 56 घाटों पर 30 लाख से ज्यादा मिट्टी के दीये जलाए गए। राम की पैड़ी पर दीयों की कतारों की रोशनी सरयू के पानी में झिलमिलाती रही। वहीं, आसमान में 2,100 स्वदेशी ड्रोन ने रामायण के प्रसंग दिखाए।
पुष्पक विमान से राम दरबार तक, आसमान में दिखे रामायण के दृश्य
ड्रोन शो में रावण वध, पुष्पक विमान से श्रीराम की अयोध्या वापसी और राम दरबार की आकृतियां उभरीं। संगीत और कथावाचन के साथ आसमान में दृश्य बदलते रहे। राम की पैड़ी पर लेजर और थ्री-डी प्रोजेक्शन शो हुआ, जबकि नया घाट पर संगीतमय आतिशबाजी भी हुई।
35 हजार से ज्यादा स्वयंसेवकों ने संभाली जिम्मेदारी
डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों समेत 35 हजार से ज्यादा स्वयंसेवकों ने घाटों पर दीये सजाने और जलाने में हिस्सा लिया। राम की पैड़ी पर उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि रहे। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। उपराष्ट्रपति ने नया घाट पर सरयू आरती में भाग लिया।
आज दीपावली मिलन, सोमवार को फिर होगा ड्रोन शो
रविवार के कार्यक्रम में हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में मुख्यमंत्री के दर्शन-पूजन के साथ निषाद बस्ती में दीपावली मिलन और संतों से मुलाकात शामिल हैं। दीपोत्सव के कार्यक्रम 9 नवंबर तक चलेंगे। सोमवार को अयोध्या के स्थानीय निवासियों के लिए विशेष ड्रोन शो रखा गया है।
