नई दिल्ली:– रक्षाबंधन का त्योहार 28 अगस्त को मनाया जाएगा और बहन से राखी बंधवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की ओर सफर करने वाले है। ऐसे में अगर आप भी इस रक्षाबंधन कार से हाईवे के रास्ते निकलने वाले हैं तो सफर शुरू करने से पहले सिर्फ पेट्रोल-डीजल ही नहीं बल्कि FASTag भी जरूर चेक कर लें। क्योंकि त्योहारों के दौरान नेशनल और स्टेट हाईवे पर ट्रैफिक बढ़ने से टोल प्लाजा पर लंबी कतारें लग सकती हैं। ऐसे में FASTag से जुड़ी छोटी-सी लापरवाही आपका समय और पैसा दोनों खराब कर सकती है।
FASTag में रखें पर्याप्त बैलेंस
हाईवे पर निकलने से पहले सबसे पहले अपने FASTag वॉलेट का बैलेंस देख लें। देखा गया है कि कई बार खाते में पैसा होने के बावजूद टोल पर टैग काम नहीं करता। इसकी एक वजह ब्लैकलिस्ट स्टेटस या बैंक की निर्धारित न्यूनतम बैलेंस शर्त हो सकती है। इसलिए यात्रा से पहले FASTag में पर्याप्त रकम रखना बेहतर माना जाता है। वहीं लंबी दूरी के सफर पर निकल रहे हैं तो संभावित टोल शुल्क के अलावा कुछ अतिरिक्त बैलेंस भी रखें ताकि रास्ते में रिचार्ज की जरूरत न पड़े।
KYC और FASTag स्टेटस भी करें चेक
FASTag की KYC जानकारी अपडेट रहना भी जरूरी है। क्योंकि One Vehicle One FASTag व्यवस्था के तहत एक वाहन के लिए वैध FASTag का इस्तेमाल किया जाता है। अगर आपका टैग पुराना है या KYC से जुड़ी जानकारी अपडेट नहीं है तो यात्रा से पहले अपने जारीकर्ता बैंक के ऐप या संबंधित पोर्टल पर स्टेटस जरूर जांच लें। यह खासकर उन लोगों को चेक करना चाहिए जिन्होंने लंबे समय से अपने FASTag अकाउंट की जानकारी नहीं देखी है।
टोल लाइन में खड़े होकर न करें रिचार्ज
जल्दबाजी में सबसे बड़ी गलती आखिरी समय पर FASTag रिचार्ज करना हो सकती है। जिसमें टोल प्लाजा के पास पहुंचकर या लाइन में खड़े होकर रिचार्ज करने के बजाय घर से निकलने से पहले ही अकाउंट में पर्याप्त बैलेंस डाल लें। रिचार्ज के बाद सिस्टम में बैलेंस अपडेट होने में कुछ समय लग सकता है। ऐसे में टोल बूथ पर पहुंचते समय पुराना बैलेंस दिखने से भुगतान में परेशानी हो सकती है।
विंडस्क्रीन और FASTag की स्थिति भी देखें
अगर FASTag अकाउंट एक्टिव है फिर भी स्कैनिंग में दिक्कत आ रही है तो कार की विंडस्क्रीन भी जांचें। टैग के आसपास धूल-मिट्टी होने या FASTag के खराब/मुड़े होने से स्कैनर को परेशानी हो सकती है। यात्रा से पहले शीशे को साफ कर लें और टैग की स्थिति देख लें।
वहीं FASTag फेल होने पर टोल प्लाजा पर अतिरिक्त भुगतान या दूसरी लेन में जाने जैसी परेशानी हो सकती है। इसलिए रक्षाबंधन के सफर पर निकलने से पहले बैलेंस, KYC, टैग स्टेटस और विंडस्क्रीन चारों चीजें जरूर चेक करें। क्योंकि आपकी कुछ मिनट की तैयारी आपको त्योहार के दौरान लंबी कतार और अनावश्यक परेशानी से बचा सकती है।
