छत्तीसगढ़:- 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुरू की गई मुफ्त बस पास योजना को बड़ी पहचान मिली है। परिवहन विभाग के मुताबिक, 1810 वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क बस पास उपलब्ध कराने की पहल को Golden Book of World Records में दर्ज किया गया है।
बुजुर्गों के लिए सफर हुआ आसान
इस पहल का उद्देश्य अधिक उम्र के नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन का आसानी से इस्तेमाल करने की सुविधा देना है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने इसे वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान से जुड़ी पहल बताया। उनके मुताबिक, बुजुर्गों के अनुभव और समाज के प्रति योगदान को ध्यान में रखते हुए यात्रा को आसान बनाने की दिशा में यह व्यवस्था महत्वपूर्ण है।
450 गांवों तक पहुंची बस सेवा
परिवहन विभाग के अनुसार, मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत 69 चिन्हित रूट पर बसों का संचालन शुरू किया गया है। इससे 450 ऐसे गांव पहली बार नियमित यात्री बस सेवा से जुड़े हैं, जहां पहले यह सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
2026-27 में 200 नई बसों की योजना
विभाग ने ग्रामीण और दूरदराज इलाकों में सार्वजनिक परिवहन का नेटवर्क बढ़ाने की भी योजना बनाई है। इसके तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में 200 नई बसें चलाने की कार्ययोजना तैयार की गई है। विभाग का कहना है कि परिवहन सुविधाओं को केवल शहरों तक सीमित रखने के बजाय गांवों और जरूरतमंद वर्गों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
