नई दिल्ली:- भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक भाईदूज का त्योहार कल 11 नवंबर को मनाया जाएगा। त्योहार को लेकर शहर के बाजारों में रौनक नजर आने लगी है। सोमवार को बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी।
खास बात यह रही कि इस बार बहनों के लिए स्पेशल गिफ्ट खरीदने में भाई भी पीछे नहीं रहे। कोई अपनी बहन के लिए उसकी पसंदीदा ड्रेस खरीदता नजर आया तो कोई कास्मेटिक्स, हैंडबैग, ज्वेलरी, घड़ी और चाॅकलेट के आकर्षक पैक तलाशता दिखाई दिया। गिफ्ट शाॅप से लेकर कपड़ों और कास्मेटिक्स की दुकानों तक में ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।
भाईदूज पर बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। वहीं भाई भी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति अपना प्यार जताते हैं। इसी परंपरा को खास बनाने के लिए बाजार में इस बार गिफ्ट की कई नई वैरायटी उपलब्ध हैं।
खासकर युवाओं में अपनी बहनों को कुछ अलग और यादगार देने का उत्साह दिखाई दे रहा है। बाजार में पर्सनलाइज्ड गिफ्ट, फोटो फ्रेम, काॅफी मग, साॅफ्ट टाय, परफ्यूम, स्किन केयर किट और चाॅकलेट हैंपर की मांग बनी हुई है। बाजार में इस बार उपहारों की पैकिंग पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
