नई दिल्ली:– अगर आप परिवार के साथ धार्मिक यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC Tour Package) आपके लिए एक विशेष अवसर लेकर आया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए IRCTC ने ‘अयोध्या-काशी: पुण्य यात्रा’ नाम से एक विशेष धार्मिक टूर पैकेज शुरू किया है। इस पैकेज के तहत यात्रियों को देश के कई प्रमुख तीर्थस्थलों के दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है।
यह यात्रा भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से संचालित की जाएगी। पैकेज को इस तरह तैयार किया गया है कि यात्रियों को यात्रा के दौरान टिकट, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन जैसी सुविधाओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था नहीं करनी पड़ेगी।
IRCTC के अनुसार यह विशेष धार्मिक यात्रा 4 अगस्त 2026 को सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। पूरा टूर 9 रात और 10 दिनों का होगा। इस दौरान श्रद्धालु उत्तर भारत और पूर्वी भारत के कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।
अयोध्या में रामलला और सरयू आरती के दर्शन
यात्रा की शुरुआत अयोध्या दर्शन से होगी। यहां श्रद्धालुओं को राम जन्मभूमि मंदिर और हनुमानगढ़ी के दर्शन कराए जाएंगे। इसके अलावा सरयू नदी के तट पर आयोजित होने वाली भव्य आरती का अनुभव भी यात्रियों को मिलेगा, जो इस यात्रा का विशेष आकर्षण माना जा रहा है।
काशी में गंगा आरती और प्रमुख मंदिरों का भ्रमण
अयोध्या के बाद यात्रा वाराणसी पहुंचेगी। यहां श्रद्धालुओं को काशी विश्वनाथ मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अन्नपूर्णा देवी मंदिर और विशालाक्षी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इसके साथ ही वाराणसी की विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती को देखने का अवसर भी मिलेगा।
प्रयागराज, गया और पुरी भी यात्रा में शामिल
इस धार्मिक यात्रा में प्रयागराज का भी भ्रमण कराया जाएगा, जहां श्रद्धालु त्रिवेणी संगम के दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद गया में स्थित प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर ले जाया जाएगा। यात्रा के अंतिम चरण में ओडिशा के पुरी स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त श्रद्धालुओं को ऐतिहासिक और स्थापत्य कला के लिए प्रसिद्ध कोणार्क सूर्य मंदिर भी दिखाया जाएगा।
पैकेज में मिलेंगी कई सुविधाएं
यह एक ऑल-इंक्लूसिव पैकेज है, जिसमें ट्रेन यात्रा, होटल में ठहरने की व्यवस्था, स्थानीय दर्शनीय स्थलों तक रोड ट्रांसपोर्ट, शुद्ध शाकाहारी नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात्रि भोजन शामिल है। यात्रियों की सहायता के लिए गाइड और एस्कॉर्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा यात्रा के दौरान ट्रैवल इंश्योरेंस भी दिया जाएगा।
यात्रियों के लिए तीन श्रेणियों में किराया
यात्री अपनी सुविधा और बजट के अनुसार यात्रा श्रेणी का चयन कर सकते हैं। इकोनॉमी श्रेणी (स्लीपर क्लास) का किराया 16,500 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। स्टैंडर्ड श्रेणी (थर्ड एसी) के लिए 25,600 रुपये प्रति व्यक्ति और कंफर्ट श्रेणी (सेकंड एसी) के लिए 33,400 रुपये प्रति व्यक्ति शुल्क रखा गया है।
बुकिंग शुरू, सीमित सीटें उपलब्ध
इच्छुक यात्री IRCTC की आधिकारिक पर्यटन वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। ट्रेन में कुल 702 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें 160 स्लीपर, 490 थर्ड एसी और 52 सेकंड एसी सीटें शामिल हैं। सीमित सीटों को देखते हुए समय रहते बुकिंग कराना यात्रियों के लिए फायदेमंद हो सकता है।
इन स्टेशनों से कर सकेंगे यात्रा
भारत गौरव स्पेशल टूरिस्ट ट्रेन सिकंदराबाद, चारलपल्ली, काजीपेट, वारंगल, खम्मम, विजयवाड़ा, गुडीवाड़ा, भीमावरम, तनुकू, राजमुंदरी, समालकोट, तूनी, दुव्वाडा, पेंदुर्ती और विजयनगरम सहित कई स्टेशनों से उपलब्ध होगी।
