नई दिल्ली:- लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी तैयारियों में जुट चुकी है. बीती शाम बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा दिग्विजय सिंह के गढ़ राद्योगढ़ पहुंचे थे. वीडी शर्मा यहां पर बीजेपी का चुनाव अभियान शुरू करने पहुंचे हैं. इस दौरान जब मीडियाकर्मियों ने उनसे पूछा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया को क्या गुना-शिवपुरी लोकसभा सीट से टिकट दिया जाएगा तो इसे लेकर वीडी शर्मा ने चुप्पी साध ली. अब वीडी शर्मा की इस चुप्पी के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं.
लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के गढ़ से गांव चलो की शुरुआत की है. वी डी शर्मा ने आवन गांव के मंदिर में सुंदरकांड किया और बूथ प्रभारियों के साथ बैठक भी की. पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के गढ़ में चुनावी शंखनाद करने के बाद वीडी शर्मा ने इलाके के लोगों के साथ चाय पर चर्चा की.
लेकिन जब वीडी शर्मा से गुना लोकसभा सीट पर ज्योतिरादित्य सिंधिया की दावेदारी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने चुप्पी साध ली. बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने पत्रकारों को जवाब देते हुए कहा कि हनुमान जी का आशीर्वाद लीजिए,बीजेपी इस बार भी बहुमत से चुनाव जीतेगी. कांग्रेस को जवाब देना होगा कि आखिर उन्होंने राम की अवहेलना क्यों की.
दिग्विजय सिंह अचानक करने लगे वीडी शर्मा की तारीफ
वीडी शर्मा जब राघोगढ़ क्षेत्र के आवन गांव पहुंचे तो दिग्विजय सिंह ने उनका स्वागत करते हुए वेद शाला संस्थान देखने की सलाह भी दी.
दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि “मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि बीजेपी मध्य प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा 8 फरवरी को मेरे पूर्व विधानसभा क्षेत्र राघौगढ़ ग्राम आवन के बूथ क्रमांक 94, 95, 96 से से ‘गांव चलो अभियान’ का शुभारम्भ कर रहे हैं और वहीं विश्राम भी करेंगे. मैं उनसे अनुरोध करूँगा कि वे हनुमान जी के दर्शन कर हमारे वेद पाठशाला संस्थान में अवश्य पधारें और वहीं विश्राम भी करें. मैं यह भी बताना चाहूँगा की इस संस्थान को लगातार तीसरे वर्ष देश के सभी वेद पाठशालाओं में से द्वितीय स्थान मिल रहा है”.
