नई दिल्ली:– मराठी सिनेमा के लिए 18 सितंबर 2026 का दिन खास बन गया है। संतोष डावखर की मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को 99वें अकादमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर चुना गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को मुंबई में इसका ऐलान किया। ‘गोंधल’ अब बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
इस साल भारत की आधिकारिक ऑस्कर एंट्री के लिए अलग-अलग भाषाओं की 33 फिल्मों ने दावेदारी पेश की थी। इनमें 14 हिंदी, चार-चार मराठी, तेलुगु और गुजराती, तीन तमिल तथा मलयालम और नागामी भाषा की फिल्में शामिल थीं। इन फिल्मों में से जूरी ने ‘गोंधल’ को भारत की ओर से आगे भेजने का फैसला किया। फिल्म की कहानी ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि में बुनी गई है और पारंपरिक ‘गोंधल’ अनुष्ठान इसके केंद्र में है।
गोंधल’ एक नवविवाहित जोड़े के इर्द-गिर्द घूमती है। पारंपरिक गोंधल अनुष्ठान की रात से शुरू होने वाली कहानी धीरे-धीरे रिश्तों में छिपी इच्छाओं, ईर्ष्या, विश्वासघात और दबे हुए तनाव को सामने लाती है। फिल्म में महाराष्ट्र की लोक संस्कृति और ग्रामीण परिवेश को कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है। फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निषाद भोईर, सुरेश विश्वकर्मा और अनुज प्रभु जैसे कलाकार नजर आते हैं।
पहले भी मिल चुकी है अंतरराष्ट्रीय पहचान
‘गोंधल’ को ऑस्कर की आधिकारिक एंट्री चुने जाने से पहले भी फिल्म फेस्टिवल सर्किट में पहचान मिल चुकी है। संतोष डावखर को 2025 में इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में फिल्म के लिए सिल्वर पीकॉक से सम्मानित किया गया था। फिल्म को अन्य फिल्म फेस्टिवल में भी सराहना मिली है।
अभी बाकी है ऑस्कर का अगला पड़ाव
भारत की आधिकारिक एंट्री बनना ऑस्कर के अंतिम नामांकन की गारंटी नहीं है। अब ‘गोंधल’ अकादमी की इंटरनेशनल फीचर फिल्म चयन प्रक्रिया का हिस्सा बनेगी। इस प्रक्रिया में पहले शॉर्टलिस्ट और फिर अंतिम नामांकन तय किए जाएंगे। 99वें अकादमी अवॉर्ड्स का आयोजन 14 मार्च 2027 को लॉस एंजिल्स में होना निर्धारित है।
