बालकोनगर:· श्रावण मास की पावन बेला में आरआर लाइन ( ईएसआईसी ) हॉस्पिटल के पीछे बालकोनगर स्थित सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर आस्था, भक्ति और सामाजिक सद्भाव का केंद्र बन गया। सुरक्षा विभाग बालको सिक्योरिटी परिवार द्वारा विगत 21 वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा तहत रुद्राभिषेक, अखंड 24 घंटे हरिनाम संकीर्तन, कन्या पूजन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
अखंड संकीर्तन के दौरान मंदिर परिसर “हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे, हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे” के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए और पूरे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता रहा।

आयोजन में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, पार्षद नरेंद्र देवांगन, नरेंद्र पाटनवार, पार्षद हितानंद अग्रवाल, सत्येंद्र दुबे, जयंत दुबे, संपत यादव सहित मंडल महामंत्री जय राठौर तथा बीएमएस से वरुण पांडेय, आशीष चंद्रवंशी, अनिल दुबे समेत कार्यकर्ता, सुरक्षा विभाग के एस के राय हरिचरण पटेल एवं समस्त कर्मचारी, परिवार महिलाएं एवं बच्चे शामिल हुए।
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से रुद्राभिषेक एवं भगवान सोमेश्वर नाथ महादेव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और प्रगति की मंगलकामना की। इसके पश्चात कन्या पूजन का आयोजन हुआ और विशाल भंडारे में क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

कार्यक्रम में धर्म और सेवा का संगम देखने को मिला, जहां सुरक्षा परिवार की 21 वर्ष पुरानी धार्मिक परंपरा ने सामाजिक एकजुटता की परंपरा कायम की। महिलाओं, बच्चों और नगरवासियों की सहभागिता ने आयोजन को और भव्य बना दिया।

