मध्य प्रदेश:- मंदसौर में मुंडन कार्यक्रम में खाना खाने के बाद कई लोग बीमार हो गए हैं. घायलों में कुछ लोगों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. स्वास्थ्य विभाग की लगातार निगरानी कर रही है.
मध्यप्रदेश के मंदसौर के तुरकिया गांव में मुंडल कार्यक्रम में खाना खाने के बाद बड़ी संख्या में लोग बीमार हो गए. रविवार देर रात तक 79 लोग फुड प्वाइजनिंग से प्रभावित हो गए, संख्या शाम तक 30-35 बताई जा रही थी. बच्चे के मुंडन कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों की तबीयत अचानक खराब होने लगी थी, अब इन लोगों में फूड प्वाइनिंग के लक्षण पाए गए. स्वास्थ्य विभाग की टीम सभी प्रभावितों की निगरानी कर रही है. कुछ लोगों का इलाज गांव में ही किया जा रहा है, जबकि कुछ मरीजों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
खाना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, गांव में एक व्यक्ति के पोते के मुंडन संस्कार पर आयोजन रखा गया था, जिसमें बड़ी संख्या में मेहमान शामिल हुए थे. इस कार्यक्रम में शामिल लोगों ने दाल-बाफले, लड्डू और लस्सी का लोगों ने सेवन किया था. इसके बाद कई लोगों को अचानक उल्टी, दस्त और घबराहट की शिकायत होने लगी.
मरीज अस्पताल रेफर, टीम गांव पहुंची
इस घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम तुरकिया गांव पहुंच गई. जांच में 79 लोगों में फूड प्वाइजनिंग के लक्षण पाए गए हैं. सभी प्रभावित लोगों की निगरानी स्वास्थ्य विभाग की टीम कर रही है. एहतियात के तौर पर विभाग की टीमें गांव में मौजूद हैं. सीएमएचओ गोविंद सिंह चौहान ने बताया कि चार मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है. वहीं कुछ मरीजों को पिपलिया मंडी और मंदसौर के अन्य अस्पतालों में भी उपचार के लिए भेजा गया है.
फूड प्वाइजनिंग की आशंका
थाना प्रभारी राजेंद्र पवार के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर यह मामला फूड प्वाइजनिंग का लग रहा है. पुलिस और स्वास्थ्य विभाग संयु्क्त रूप से स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, किसी भी मरीज की हालत गंभीर नहीं है, सभी का इलाज जारी है. वहीं इस मामले में डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने भी प्रशासन को समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए हैं.
