छत्तीसगढ़:– वन विभाग ने वन्यजीव की स्मगलिंग और हंटिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. यहां एक ऐसे रीलबाज को पकड़ा गया है जिसने इंस्टा रील के लिए 9 दुर्लभ गिलहरियों की हत्या कर दी है.
आज के दौर में लोग इंस्टा रील के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं. कुछ भी मतलब कुछ भी! छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में वन विभाग ने वन्यजीव की स्मगलिंग और हंटिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई की है. यहां एक ऐसे रीलबाज को पकड़ा गया है जिसने इंस्टा रील के लिए 9 दुर्लभ गिलहरियों की हत्या कर दी है. तलाशी के दौरान आरोपी के घर कई अन्य सामान भी मिले हैं जिससे वो वन्यजीवों का शिकार करता था.
रील के लिए दुर्लभ गिलहरियों की हत्या
ये मामला तब सामने आया जब ओडिशा वन कर्मचारियों को इंस्टा रील पर दो लोग दुर्लभ भारतीय विशाल गिलहरियों के साथ नजर आए. वीडियो में वे गिलहरियां दिखाई दे रही थी जिन्हें वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत अनुसूची-1 में संरक्षित किया गया है. रील देखते ही दंतेवाड़ा वन विभाग की संयुक्त टीम ने तुरंत एक्शन लिया और रील के इंटरनल डिटेल्स को ट्रैक कर आरोपी तक पहुंचने में कामयाब हुई.
वन विभाग के हाथ लगा आरोपी
आरोपी की पहचान बंशीराम कोवासी के रूप में हुई है जिसे गिरफ्तार किया गया है. तलाशी के दौरान आरोपी के घर से शिकार में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण मिले हैं. स्लॉथ भालू की खाल और शिकार में इस्तेमाल होने वाले फंदे भी मिले हैं जिन्हें विभाग ने बरामद किया है. एक आरोपी फिलहाल फरार है जिसकी तलाशी की जा रही है. विभाग की टीम ने बताया कि आरोपी वाइल्डलाइफ का शिकार करता है.
वन विभाग ने की अपील
इस खबर के माध्यम से वन विभाग की टीम ने आम जनता से अपील की है कि वाइल्डलाइफ का शिकार ना करें. इन्हें संरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है और इनकी हत्या, तस्करी करना या फिर शिकार करना गैर कानूनी काम है जिसके तहत आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती है. विभाग ने अपील की है कि अगर आपको कोई ऐसा करते दिखता है तो इसकी सूचना विभाग को जरूर दें.
